झारखंड में नए बिजली टैरिफ पर 19 फरवरी से जनसुनवाई, रांची में 28 फरवरी को सुनवाई

Pradeep
By
Pradeep
2 Min Read

रांची : झारखंड में वित्त वर्ष 2026-27 के लिए प्रस्तावित नए बिजली टैरिफ पर जनसुनवाई की प्रक्रिया 19 फरवरी से शुरू होगी। झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (JBVNL) द्वारा दिए गए टैरिफ प्रस्ताव पर झारखंड राज्य विद्युत नियामक आयोग (JSERC) अलग-अलग प्रमंडलों में उपभोक्ताओं, सामाजिक संगठनों और उद्योग प्रतिनिधियों से राय लेगा। रांची में जनसुनवाई 28 फरवरी को निर्धारित है।

JSERC का कहना है कि जनसुनवाई से मिले फीडबैक के आधार पर ही नए टैरिफ पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। JBVNL ने अपने प्रस्ताव में बिजली खरीद लागत, ट्रांसमिशन चार्ज, लाइन लॉस और परिचालन व्यय को आधार बनाया है।

क्या है प्रस्ताव

प्रस्तावित टैरिफ संशोधन के अनुसार घरेलू शहरी उपभोक्ताओं की दर 6.85 रुपये प्रति यूनिट से बढ़ाकर 10.30 रुपये प्रति यूनिट करने का प्रस्ताव है। ग्रामीण घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 6.70 रुपये से बढ़ाकर 10.20 रुपये प्रति यूनिट करने की बात कही गई है। औद्योगिक उपभोक्ताओं के लिए भी दरों में बढ़ोतरी का प्रस्ताव रखा गया है। सिंचाई (कृषि) श्रेणी में भी प्रति यूनिट दर बढ़ाने का प्रस्ताव शामिल है।

कहां-कब होगी जनसुनवाई

आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार अलग-अलग शहरों में जनसुनवाई होगी, जिनमें प्रमुख तिथियां इस प्रकार हैं:

  • 19 फरवरी: चाईबासा, पिल्लई हॉल, सदर बाजार (दोपहर 3 बजे)
  • 21 फरवरी: डालटनगंज, टाउन हॉल (दोपहर 3:30 बजे)
  • 26 फरवरी: दुमका, कृषि पार्क स्थित कन्वेंशन सेंटर (सुबह 11:30 बजे)
  • 27 फरवरी: धनबाद, कोयला नगर, BCCL कम्युनिटी हॉल (दोपहर 3 बजे)
  • 28 फरवरी: रांची, IMA हॉल (दोपहर 3:30 बजे)

अन्य कंपनियों पर भी सुनवाई

अन्य वितरण/यूटिलिटी कंपनियों के टैरिफ प्रस्तावों पर भी अलग तिथियों में सुनवाई तय है, जिनमें आदित्यपुर और जमशेदपुर में कार्यक्रम शामिल हैं। इसके अलावा डीवीसी (DVC) के टैरिफ पर भी 24 और 25 फरवरी को सुनवाई निर्धारित है।

कैसे होगा अंतिम फैसला

आयोग सभी पक्षों की दलीलें और सुझाव सुनने के बाद टैरिफ पर अंतिम आदेश जारी करेगा। उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे जनसुनवाई में भाग लेकर अपनी राय रखें, ताकि दरों का निर्धारण संतुलित तरीके से हो सके।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *